चाईबासा के पास संगाजाटा इलाके में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती सीएनजी टेम्पो में अचानक भीषण आग लग गई। टेम्पो में पेंट का तेल लदा होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरा वाहन धू-धू कर जलने लगा।
आग लगते ही टेम्पो चालक बबन सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। आग में टेम्पो पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या टेम्पो में लदे ज्वलनशील पदार्थ को माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल रहा, वहीं लोगों ने ज्वलनशील सामान के परिवहन में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर सवाल भी उठाए हैं।
Jharkhand Aaj Tak
RITESH SHARAN