Jharkhand Aajtak News
जमशेदपुर: बामनगोड़ा में 17 वर्षीय किशोरी की आत्महत्या, इलाके में शोक का माहौल
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बामनगोड़ा स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पास शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। बामनगोड़ा की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी दुर्गा सिन्हा ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय किशोरी घर में अकेली थी। उसने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। मृतका का भाई काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। शाम को घर लौटने पर जब उसने बहन को फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया।
दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। दुर्गा कमरे में फंदे से लटकी हुई थी। घटना की सूचना तुरंत परसुडीह थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि दुर्गा पहले आठवीं कक्षा की छात्रा थी और बीते कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी, हालांकि तनाव का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है।
परिजनों के अनुसार, दुर्गा सामान्य व्यवहार करती थी, लेकिन हाल के दिनों में वह कुछ गुमसुम रहने लगी थी। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगी। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परसुडीह थाना पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
इस दुखद घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने किशोरी की असमय मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
— Jharkhand Aajtak News
M.K