पंचायत समिति की मासिक बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर हंगामा

*पंचायत समिति की मासिक बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर हंगामा*

जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड पंचायत समिति भवन में सामान्य पंचायत समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख पानी सोरेन ने की। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश, उप प्रमुख शिवकुमार हांसदा सहित पंचायत समिति सदस्य एवं मुखिया उपस्थित थे।
   बैठक की कार्रवाई दोपहर 12 बजे निर्धारित थी, लेकिन मात्र 6 विभागीय पदाधिकारियों की उपस्थिति और 22 विभागीय पदाधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण बैठक में काफी हंगामा और शोर-शराबा हुआ। पंचायत समिति सदस्य बैठक का बहिष्कार करने पर अड़े रहे। स्थिति को संभालते हुए प्रखंड विकास कार्यालय के पदाधिकारी ने उपस्थित 6 विभागीय पदाधिकारियों से संबंधित पंचायतों के प्रश्न पूछने का आग्रह किया, जिसके बाद पंचायत समिति सदस्यों को शांत कराया गया। तत्पश्चात दोपहर 1:30 बजे बैठक की कार्रवाई प्रारंभ हुई।
 बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पीएचईडी, बाल विकास परियोजना, कल्याण एवं जेएसएलपीएस विभाग के उपस्थित पदाधिकारियों से पंचायत समिति सदस्यों ने बारी-बारी से प्रश्न पूछे, जिनका संबंधित पदाधिकारियों द्वारा उत्तर दिया गया।
  पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बागबेड़ा कॉलोनी में स्थायी कचरा उठाव के लिए ग्राम सभा की तिथि सुनिश्चित करने की मांग प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश से की। वहीं पंसस किशोर सिंह ने ग्राम सभा की तिथि तय कर अपने पंचायत क्षेत्र में आयोजन करने की बात कही।
  प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश ने बागबेड़ा क्षेत्र के लिए सामूहिक ग्राम सभा की तिथि सुनिश्चित कर ग्राम प्रधान के साथ स्वयं बैठक में शामिल होने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा के आयोजन के पश्चात आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
   पंचायत समिति सदस्यों ने जेएसएलपीएस के पदाधिकारी से पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने की मांग की। साथ ही पीएचईडी विभाग से बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना, छोटा गोविंदपुर जलापूर्ति योजना एवं बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग रखी गई।
  बैठक में प्रखंड विकास कार्यालय के पदाधिकारी, पंचायत समिति सदस्य एवं मुखिया उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post