छठ पूजा के बाद स्कूल नहीं आने वाले छात्रों पर जुर्माना, अभिभावकों में रोष
दुमका।
दुमका के प्रसिद्ध सेक्रेड हार्ट मिशन स्कूल प्रबंधन द्वारा छठ पूजा समाप्ति के अगले दिन स्कूल नहीं आने वाले बच्चों पर आर्थिक दंड लगाए जाने को लेकर अभिभावकों में नाराज़गी देखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, स्कूल प्रशासन ने यह निर्देश जारी किया है कि कक्षा 5 से 8 तक के छात्रों से ₹100 और कक्षा 8 के ऊपर के छात्रों से ₹500 का जुर्माना वसूला जाएगा, यदि वे छठ पूजा के अगले दिन स्कूल नहीं आए।
अभिभावकों का कहना है कि छठ पूजा झारखंड और बिहार का एक प्रमुख लोकपर्व है, जिसकी समाप्ति के बाद भी घर की धार्मिक व्यवस्था और पारिवारिक दायित्वों के कारण बच्चों को एक दिन स्कूल भेजना संभव नहीं होता। ऐसे में स्कूल द्वारा जुर्माना लगाना न सिर्फ असंवेदनशील कदम है, बल्कि बच्चों और परिवारों की आस्था का अपमान भी है।
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अनुशासन नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और सांस्कृतिक सम्मान सिखाना भी है। इस प्रकार का दंड शिक्षा के बुनियादी मूल्यों के विपरीत है।
स्थानीय लोगों ने जिला शिक्षा अधिकारी से अपील की है कि इस मामले की जांच कर स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया जाए कि ऐसे निर्णयों को तत्काल वापस लिया जाए।