🛑 झारखंड आजतक ब्रेकिंग न्यूज़
सिमडेगा में बड़ा रेल हादसा — मालगाड़ी की 10 बोगियां पटरी से उतरीं, राउरकेला-हटिया रेल मार्ग ठप
सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले से देर रात एक बड़ी खबर सामने आई है। कानारोवां रेलवे स्टेशन के पास हटिया-राउरकेला रेलखंड में एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा कानारोवां और कटाईंन स्टेशन के बीच पोल संख्या 524/34 और 524/35 के पास घाटी क्षेत्र में हुआ।
सूत्रों के अनुसार, राउरकेला से रांची की ओर जा रही मालगाड़ी की करीब 10 बोगियां पटरी से उतरकर पलट गईं, जिससे रेल पटरी और ओवरहेड वायर को गंभीर क्षति पहुंची है। हादसे के बाद राउरकेला–हटिया रेल मार्ग पर दोनों ओर से रेल यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। राहत और मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अभी तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन रेल सेवाओं के प्रभावित रहने की संभावना जताई जा रही है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर इंजीनियरिंग और ट्रैक मेंटेनेंस टीम को लगाया गया है, ताकि जल्द से जल्द ट्रैक को दुरुस्त कर रेल आवागमन बहाल किया जा सके।
📍 रिपोर्ट — M.K झारखंड आजतक, सिमडेगा ब्यूरो