जमशेदपुर। टाटा स्टील की ओर से इस वर्ष का जमशेदपुर हाफ मैराथन 30 नवंबर को आयोजित किया जायेगा। इसकी आधिकारिक घोषणा बुधवार को टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदर रामम ने जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान की। उन्होंने बताया कि यह जमशेदपुर रन का दसवां संस्करण होगा। पिछले दो वर्षों से टाटा स्टील हाफ मैराथन (21.0975 किलोमीटर) का सफल आयोजन कर रहा है।
इस बार करीब 5500 धावकों के हिस्सा लेने की संभावना है। हाफ मैराथन में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के महिला और पुरुष एथलीट हिस्सा लेंगे। इसके लिए 1400 रुपये की इंट्री फीस निर्धारित की गई है।
इसके अलावा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के धावकों के लिए 10 किलोमीटर दौड़ का आयोजन होगा, जिसमें भाग लेने के लिए 1000 रुपये की फीस रखी गई है। वहीं, 12 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए 5 किलोमीटर वर्ग की दौड़ में हिस्सा लेने हेतु 600 रुपये की फीस तय की गई है। छोटे धावकों के लिए 6 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए 2 किलोमीटर दौड़ आयोजित होगी, जिसमें 300 रुपये की इंट्री फीस रखी गई है।
पूरी प्रतियोगिता के दौरान कुल 9.18 लाख रुपये की इनामी राशि दांव पर रहेगी।
हाफ मैराथन के विजेता (महिला और पुरुष वर्ग) को एक लाख रुपये, उपविजेता को 75 हजार रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वाले को 51 हजार रुपये, चौथे को 31 हजार रुपये, और पांचवें स्थान पर रहने वाले को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागी टाटा स्टील की आधिकारिक वेबसाइट www.tatasteelruns.com
पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके अलावा जल्द ही जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भी ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान टाटा स्टील खेल विभाग के प्रमुख मुकुल विनायक चौधरी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।