असम चुनाव की तैयारी में जुटी झामुमो, डिब्रूगढ़ में हेमंत सोरेन की अहम बैठक

असम चुनाव की तैयारी में जुटी झामुमो, डिब्रूगढ़ में हेमंत सोरेन की अहम बैठक...
असम विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को डिब्रूगढ़ में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की। इस बैठक में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक के दौरान आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से आदिवासी, शोषित और वंचित समाज वाले क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर जोर दिया गया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का माध्यम नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय और क्षेत्रीय अस्मिता को मजबूत करने का एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से क्षेत्रवार रणनीति बनाकर जनसंपर्क अभियान को तेज करने का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी कहा कि झामुमो हमेशा से शोषित और वंचित वर्गों की आवाज उठाने वाली पार्टी रही है और यही विचारधारा असम में भी पार्टी को मजबूती देगी। बैठक में संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने सुझाव साझा किए और जमीनी स्तर पर काम करने के लिए एक ठोस रोडमैप प्रस्तुत किया।

बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और अनुशासन के साथ चुनाव मैदान में उतरने का संकल्प लिया। इस दौरान मंत्री चमरा लिंडा समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

#RITESH SHARAN####

Post a Comment

Previous Post Next Post