जमशेदपुर/बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपाड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी किनारे मिले दो शक्तिशाली बमों को भारतीय सेना की विशेष टीम ने बुधवार को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।

रिपोर्ट: M.K | झारखंड आजतक न्यूज़

जमशेदपुर/बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपाड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी किनारे मिले दो शक्तिशाली बमों को भारतीय सेना की विशेष टीम ने बुधवार को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। इस कार्रवाई से इलाके में पिछले कई दिनों से फैला भय का माहौल समाप्त हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, सेना के विशेषज्ञों ने ऑपरेशन शुरू करने से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। आसपास के लोगों को लगभग एक किलोमीटर दूर सुरक्षित स्थानों पर रहने का निर्देश दिया गया। इसके बाद पहले बम को दोपहर 12:22 बजे और दूसरे बम को 1:22 बजे नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से निष्क्रिय किया गया।

बताया जा रहा है कि ये बम पिछले 9 दिनों से नदी किनारे पड़े हुए थे, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ था। सेना ने सूझ-बूझ के साथ आधुनिक तकनीक अपनाते हुए रेत में गड्ढा खोदकर बमों को दबाया और डेटोनेटर के जरिए सुरक्षित तरीके से विस्फोट कर निष्क्रिय किया।

इस ऑपरेशन का नेतृत्व भारतीय सेना के कर्नल धर्मेंद्र सिंह और कैप्टन आयुष कुमार सिंह ने किया। मौके पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी पूरी तरह मुस्तैद रही। इस दौरान घाटशिला एसडीपीओ अजीत कुजूर, मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत, डीसी एलआर नित निखिल तथा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।

पूरे ऑपरेशन के दौरान एक किलोमीटर के दायरे में आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन दल और एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी। बम निष्क्रिय करने के दौरान तेज धमाके के साथ आग और धुएं का गुबार भी देखा गया, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के कारण किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई।

इस सफल अभियान में भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतरीन समन्वय देखने को मिला। ऑपरेशन के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने भारतीय सेना का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।

JHARKHAND AAJTAK NEWS 
REPORT=M.K

Post a Comment

Previous Post Next Post