पांच राज्यों में फैला था जाल, छह माह साकची में डेरा डाल रची गई अपहरण की साजिश; 11 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

पांच राज्यों में फैला था जाल, छह माह साकची में डेरा डाल रची गई अपहरण की साजिश; 11 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार
....................
जमशेदपुर: शहर के चर्चित कैरव गांधी अपहरण कांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि अंतरराज्यीय गिरोह ने साकची में छह महीने तक डेरा डालकर पूरी साजिश रची। गिरोह का नेटवर्क पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड समेत पांच राज्यों में फैला था। अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता तेजिंदर पाल सिंह उर्फ मास्टरमाइंड अब भी फरार है।
................
साकची में 35 हजार में लिया कमरा, वहीं से होती थी रेकी

गिरोह के सदस्य अमरिंदर सिंह ने फर्जी पहचान के सहारे साकची में 35 हजार रुपये मासिक किराये पर कमरा लिया था। यहीं से उद्योगपति कैरव की दिनचर्या, आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार रेकी की गई। आरोपी एक-दूसरे से सीमित संपर्क में रहते थे, ताकि गिरफ्तारी की स्थिति में पूरा नेटवर्क उजागर न हो।
..................
पुलिस वर्दी में पहुंचे, रास्ते से किया अपहरण

13 जनवरी 2026 को आरोपियों ने पुलिस की वर्दी पहनकर कैरव को रोका। शक न हो, इसलिए पूरी वारदात को पेशेवर तरीके से अंजाम दिया गया। पहले चांडिल की ओर ले जाकर वाहन बदला गया, फिर अलग-अलग रास्तों से आरोपी फरार हो गए। अपहरण के बाद फिरौती के लिए वाट्सएप कॉल का सहारा लिया गया।
.............
पांच राज्यों में छापेमारी, 11 आरोपी दबोचे

पुलिस ने लुधियाना, गाजियाबाद, कोलकाता, शेखपुरा और जमशेदपुर समेत कई स्थानों पर छापेमारी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में हवाला कारोबार से जुड़े आरोपी भी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि गिरोह के तार विदेश तक जुड़े हैं और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए पुलिस को अहम सुराग मिले।
...................
उद्योग जगत में दहशत, सुरक्षा कड़ी

इस सनसनीखेज वारदात के बाद शहर के उद्योग जगत में दहशत है। पुलिस का दावा है कि फरार मास्टरमाइंड की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

#Jharkhand Aaj Tak####
RITESH SHARAN

Post a Comment

Previous Post Next Post