सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित हरिओम नगर में आज पत्रकार अंकित शुभम और उनके परिवार पर पड़ोसी सुभाष यादव के परिवार के लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। शुभम के परिजनों का कहना है कि पहले पार्किंग को लेकर हल्की कहासुनी हुई, फिर अंकित शुभम को चारों तरफ से घेरकर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि चार पहिया वाहन से कुचलने की भी कोशिश की गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर जान बचाई। बताया जा रहा है कि सुभाष यादव ने अपने रिश्तेदार, सीआरपीएफ जवान संजीव कुमार को बुलाकर घर में घुसकर अंकित के पिता, मां और बहन के साथ भी मारपीट की। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि सुभाष यादव पहले भी कई बार आसपास के लोगों से बदतमीजी करता रहा है और सड़क पर खड़ी गाड़ियों को मनमर्जी से हटाता-पलटता रहा है।
घायल अंकित शुभम को प्राथमिक इलाज के बाद एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया है।
जिस जगह घटना हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। आदित्यपुर थाना पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
#JHARKHAND AAJ TAK
रितेश शरण