जमशेदपुर स्थित अवध डेंटल कॉलेज पर बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) कोर्स में मनमाने तरीके से नामांकन लेने का

जमशेदपुर स्थित अवध डेंटल कॉलेज पर बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) कोर्स में मनमाने तरीके से नामांकन लेने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए झारखंड सरकार ने कॉलेज प्रबंधन को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। सरकार का आरोप है कि शैक्षणिक सत्र 2025–26 में बीडीएस की 68 सीटों पर रोक लगाए जाने के बावजूद कॉलेज द्वारा सुनियोजित ढंग से नामांकन किया गया।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, संबंधित सत्र में कॉलेज को बीडीएस कोर्स में नई दाखिले की अनुमति नहीं थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्रों को प्रवेश दिए जाने की शिकायत मिली थी। जांच के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए कॉलेज प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो कॉलेज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
वहीं, अवध डेंटल कॉलेज प्रबंधन ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। कॉलेज के निदेशक का कहना है कि किसी भी प्रकार का अवैध या मनमाना नामांकन नहीं किया गया है। उनके अनुसार, जो सीटें पूर्व में रिक्त थीं, उन्हीं पर नियमानुसार प्रवेश लिया गया था और इसकी जानकारी समय पर राज्य सरकार को भी दी गई थी।
कॉलेज प्रबंधन ने यह भी दावा किया है कि सभी दाखिले संबंधित नियमों, काउंसलिंग प्रक्रिया और शैक्षणिक मानकों के तहत किए गए हैं। अब इस मामले में सरकार द्वारा दिए गए शो-कॉज नोटिस के जवाब के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल, यह मामला राज्य के उच्च शिक्षा विभाग और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े अधिकारियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post