जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में करीब 50 लाख रुपये के चिटफंड घोटाले को अंजाम देकर फरार हुई मां–बेटी की जोड़ी—शिल्पा राय और साइना राय—को पुलिस ने आठ महीने बाद कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि दोनों आरोपी बागुन नगर से फरार होकर कोलकाता में छिपी हुई हैं। इसकी पुष्टि के लिए सर्विलांस और तकनीकी जांच की गई, जिसके बाद उनका ठिकाना एए-32, शकुंतला पाली, पोस्ट- कृष्णापुर, थाना न्यू टाउन (कोलकाता) में मिला। विशेष टीम ने वहां छापेमारी कर मां–बेटी को गिरफ्तार किया।
यह मामला 10 अप्रैल को उजागर हुआ था, जब बारीडीह निवासी मुरली राव ने सिदगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज की। उनके अनुसार, शिल्पा और साइना ने चिटफंड योजना के नाम पर उनसे और कई अन्य लोगों से लाखों रुपये जमा कराए। शुरुआत में मनमुताबिक ब्याज देकर भरोसा जीता और बाद में पूरी रकम लेकर फरार हो गईं। जांच में उनका स्थायी पता बी/35, इंदिरा रोड, बागुन नगर, बारीडीह पाया गया।
थाना प्रभारी के मुताबिक, अब तक दर्जनों लोग ठगी की शिकायत लेकर सामने आ चुके हैं। सभी ने एक ही पैटर्न में धोखे का आरोप लगाया है। पुलिस का अनुमान है कि ठगी की राशि 40–50 लाख रुपये से भी अधिक हो सकती है। इसे सुनियोजित आर्थिक अपराध बताते हुए पुलिस ने कहा कि मां–बेटी ने योजनाबद्ध तरीके से लोगों की जमा–पूंजी पर हाथ साफ किया।
फिलहाल पुलिस पीड़ितों की संख्या और संभावित रकम को लेकर आगे की जांच कर रही है। कई नए पीड़ित भी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा रहे हैं, जिससे घोटाले का दायरा और बढ़ने की संभावना है।
##Jharkhand Aaj Tak