झारखंड आजतक न्यूज़
दुमका में फ्लाइंग इंस्टीट्यूट का शुभारंभ, CM हेमंत सोरेन ने कहा—झारखंड के युवाओं को अब मिलेगी उड़ान भरने की आज़ादी
दुमका में आज झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने फ्लाइंग इंस्टीट्यूट सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। राज्य का बहुप्रतीक्षित कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग संस्थान आज आधिकारिक रूप से झारखंड के युवाओं को समर्पित किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह संस्थान आदरणीय दिशाेम गुरु शिबू सोरेन जी की उस परिकल्पना का परिणाम है, जिसके तहत झारखंड के युवाओं को अपने ही राज्य में पायलट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का सपना देखा गया था।
उन्होंने कहा कि इस संस्थान की आधारशिला 2008 में रखी गई थी, और इसे चार–पांच साल के भीतर युवाओं के भविष्य निर्माण में जुट जाना चाहिए था, लेकिन राज्य विरोधी ताकतों ने आदिवासी–मूलवासी युवाओं की शिक्षा और प्रगति रोकने का प्रयास किया।
CM सोरेन ने पूर्व की सरकारों पर भी तीखा प्रहार किया और कहा कि पहले हजारों स्कूल बंद कर दिए गए थे, लेकिन अबुआ सरकार बनने के बाद बड़े पैमाने पर नए स्कूल बनाए गए, जो आज उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि देवघर हवाई अड्डा भी इसी अवधि में तैयार हुआ, और अब वहां विमानों की आवाजाही शुरू हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सीमित संसाधनों वाला राज्य है, बावजूद इसके सरकार ने हर चुनौती के बीच विकास को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा—“हमारे विरोधी जो कहते हैं, वह करते नहीं हैं, लेकिन हम जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। यह फ्लाइंग इंस्टीट्यूट युवाओं के सपनों को नई दिशा देगा और एक मील का पत्थर साबित होगा।”
कार्यक्रम के अंत में CM सोरेन ने राज्यवासियों को इस ऐतिहासिक अवसर की बधाई देते हुए जोहार किया।
यह शुरुआत झारखंड को एविएशन ट्रेनिंग के नक्शे पर एक नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
Jharkhand aajtak news
Report=M.K