सीएम हेमन्त सोरेन ने शहीद सोबरन सोरेन के 68वें शहादत दिवस पर दी श्रद्धांजलि
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज लुकैयाटांड़ (नेमरा, गोला) पहुँचे, जहाँ उन्होंने अमर वीर शहीद सोबरन सोरेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड वीर सपूतों की धरती है, जहाँ के आदिवासी-मूलवासी समुदायों ने जल, जंगल, जमीन और हक-अधिकार की रक्षा के लिए कई संघर्ष किए। उन्होंने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन सहित असंख्य वीरों ने शोषण के खिलाफ आवाज उठाई और अपने प्राणों की आहुति दी।
सीएम हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड के सर्वांगीण विकास में सभी वर्गों का योगदान जरूरी है। राज्य 25 वर्ष का युवा राज्य है और सरकार शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 10 हजार से अधिक युवा-युवतियों को सरकारी नियुक्तियां दी जाएंगी। साथ ही स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार गांवों से चल रही है, और सेवा का अधिकार कार्यक्रम के तहत योजनाओं की सुविधा घर-आंगन तक पहुँचाई जा रही है। बिचौलियों और दलालों पर कड़ी कार्रवाई जारी है, ताकि जनता सीधे सरकारी लाभ प्राप्त कर सके।
कार्यक्रम में विधायिका ममता देवी, कई अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
Jharkhand aajtak news
Report=M.K