कपाली में विवाद सुलझाने की कोशिश युवक को पड़ी भारी, चाकू से हमला
जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत टीओपी चौक के पास शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सड़क विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल युवक की पहचान आदिल अहमद (26) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि आदिल टीओपी चौक से अपने घर अशरफी मस्जिद की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर एक बुजुर्ग व्यक्ति से कुछ युवकों का वाहन आगे-पीछे करने को लेकर विवाद हो गया, जो धीरे-धीरे उग्र होता चला गया।
स्थिति बिगड़ती देख आदिल ने झगड़ा शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इससे नाराज युवकों ने उसके साथ बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपियों ने आदिल पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
#JHARKHAND AAJ TAK #####
RITESH SHARAN