रात की गश्ती में एसएसपी का औचक निरीक्षण, सोते मिले 7 पुलिसकर्मी निलंबित
जमशेदपुरशहर में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण और रात्रि गश्ती व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए गुरुवार देर रात जिले के एसएसपी पीयूष पांडेय स्वयं शहरी क्षेत्र में निरीक्षण पर निकले। इस दौरान कई जगहों पर पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही सामने आई, जिस पर एसएसपी ने कड़ी कार्रवाई की।
मरीन ड्राइव पर तैनात पीसीआर-11 में पदस्थापित एएसआई रौशन गुड़िया, हवलदार नदलाल मुंडा और चालक हरेंद्र कुमार वाहन खड़ा कर सोते हुए पाए गए। वहीं स्टेशन चौक पर पीसीआर-9 में तैनात एएसआई संजय इंदुवार भी ड्यूटी के दौरान सोते मिले।
इसके अलावा जुगसलाई थाना की गश्ती वाहन में तैनात दरोगा तिर्की और हवलदार कृष्णा रजक को भी सोते हुए पाया गया। ड्यूटी में इस तरह की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी पीयूष पांडेय ने सभी संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करते हुए लाइन क्लोज कर दिया। साथ ही होमगार्ड चालक हरेंद्र कुमार को भी विभाग से क्लोज किया गया है।
एसएसपी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में शहर में रात्रि अपराधों में लगातार इजाफा हुआ है। टेल्को थाना क्षेत्र में हाल ही में दो हत्याओं की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि शहर के विभिन्न इलाकों में दुकानों और घरों में चोरी की वारदातें भी बढ़ी हैं।
#Jharkhand Aaj Tak####
RITESH SHARAN