सिदगोड़ा स्थित सार्वजनिक स्थलों का विधायक पूर्णिमा दास साहू ने किया निरीक्षण, कमियों पर जताई नाराजगी
जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम जिले के सिदगोड़ा स्थित सोन मंडप, यात्री निवास, टाउन हॉल एवं ओपन थिएटर का निरीक्षण आज क्षेत्रीय विधायक श्रीमती पूर्णिमा दास साहू ने किया। इस दौरान उन्होंने इन स्थलों पर मौजूद बुनियादी सुविधाओं की कमी और अव्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि इन सभी संपत्तियों का प्रबंधन जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) द्वारा किया जाता है, जहां आम जनता निर्धारित शुल्क अदा कर बुकिंग कराती है। ऐसे में नागरिकों को स्वच्छता, बिजली, पानी, रख-रखाव और अन्य आवश्यक सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है, लेकिन वर्तमान स्थिति में ये सुविधाएं संतोषजनक नहीं पाई गईं।
दौरे के समय जेएनएसी के अधिकारी एवं अभियंता भी मौजूद रहे। विधायक पूर्णिमा दास साहू ने मौके पर ही अधिकारियों को सभी कमियों से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और यथाशीघ्र सभी मौलिक सुविधाएं बहाल करने की मांग की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो इस मुद्दे को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा।
विधायक के इस निरीक्षण से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही इन सार्वजनिक स्थलों की स्थिति में सुधार होगा।
झारखंड आजतक न्यूज़
M.K