चांडिल थाना क्षेत्र के हारुडीह गांव में बुधवार देर शाम सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए अपराधियों ने शातिर

चांडिल थाना क्षेत्र के हारुडीह गांव में बुधवार देर शाम सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए अपराधियों ने शातिर अपराधी विजय तिर्की की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना हारुडीह गांव के नदी किनारे साप्ताहिक रूप से लगने वाले मुर्गा लड़ाई (मुर्गापाड़ा) के पास हुई। हमलावरों ने ताबड़तोड़ पांच से छह राउंड फायरिंग कर विजय तिर्की को मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गए।
मृतक विजय तिर्की आजादनगर थाना अंतर्गत रोड नंबर-4, चेपा पुल का निवासी था। जमशेदपुर पुलिस व प्रशासन ने उसे 22 अक्तूबर 2025 को तड़ीपार किया था, जिसकी अवधि 21 जनवरी 2026 तक थी। तड़ीपार की कार्रवाई के बाद वह फिलहाल कपाली क्षेत्र में रह रहा था। बुधवार की शाम वह कार से अपने पांच-छह दोस्तों के साथ हारुडीह गांव में चल रहे मुर्गापाड़ा को देखने पहुंचा था। इसी दौरान वह मुर्गापाड़ा से कुछ दूरी पर पेशाब करने के लिए गया, जहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी।
गोली की आवाज सुनते ही मुर्गापाड़ा में अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे, वहीं हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अरविंद कुमार बिन्हा और चांडिल थाना प्रभारी दिलसन बिरुआ दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से पांच खोखा बरामद किया है और आसपास के लोगों के साथ-साथ विजय तिर्की के साथ आए उसके साथियों से भी पूछताछ की।
घटना के बाद विजय तिर्की के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है।
बिना चप्पल के भागा एक हमलावर
पुलिस को घटनास्थल से सफेद रंग की दो चप्पल मिली है। आशंका जताई जा रही है कि गोलीबारी के बाद एक हमलावर हड़बड़ी में चप्पल वहीं छोड़कर नंगे पैर ही भाग निकला। इसके अलावा शव के पास से एक लाइटर भी बरामद किया गया है। पुलिस का मानना है कि हत्या से पहले विजय तिर्की की लगातार रेकी की जा रही थी और मौका मिलते ही अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।
मुर्गापाड़ा में चलता है लाखों का जुआ
स्थानीय लोगों के अनुसार हारुडीह में हर बुधवार को मुर्गापाड़ा का आयोजन होता है, जहां चांडिल के अलावा आदित्यपुर, गम्हरिया और जमशेदपुर से लोग मुर्गा लड़ाने पहुंचते हैं। इस दौरान मुर्गा लड़ाई पर लाखों रुपये का जुआ भी खेला जाता है।
हत्या समेत कई मामलों में था आरोपी
विजय तिर्की पर मानगो, आजादनगर, उलीडीह, कपाली समेत कई थानों में हत्या, फायरिंग, आर्म्स एक्ट और रंगदारी जैसे संगीन मामले दर्ज थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह ब्राउन शुगर के कारोबार से भी जुड़ा हुआ था और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात अपराधकर्मियों ने विजय तिर्की की गोली मारकर हत्या की है। उसका पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। घटनास्थल से पांच खोखा बरामद किए गए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

#Jharkhand Aaj Tak#

Post a Comment

Previous Post Next Post