नववर्ष को लेकर जमशेदपुर पुलिस सख्त, यातायात नियमों व नशामुक्त ड्राइविंग की अपील
जमशेदपुर:
नववर्ष 2026 के अवसर पर शहर में शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने, तेज व लापरवाह वाहन चलाने से बचने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, नववर्ष की रात शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जमशेदपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने वालों पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में तत्काल जुर्माना, लाइसेंस जब्ती और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि नववर्ष का जश्न जिम्मेदारी के साथ मनाएं, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग न करें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
#Jharkhand Aaj Tak
Ritesh Saran