पूर्वी सिंहभूम जिले में धान खरीद को लेकर किसानों को जागरूक करने के लिए उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय परिसर से धान अधिप्राप्ति जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उपायुक्त ने बताया कि 15 दिसंबर से धान खरीद शुरू हो चुकी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बिचौलियों से बचें और सरकारी धान खरीद केंद्रों पर ही धान बेचें, जहां उन्हें उचित समर्थन मूल्य मिलेगा।
सरकार द्वारा धान की खरीद 2,450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। इस वर्ष जिले में 6 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले में 54 धान खरीद केंद्र बनाए गए हैं। साथ ही धान के भंडारण और प्रसंस्करण के लिए 20 राइस मिलों को जोड़ा गया है।
जागरूकता रथ के माध्यम से गांव-गांव जाकर किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, भुगतान की जानकारी और समयसीमा के बारे में बताया जाएगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि सरकारी केंद्रों पर धान बेचने से भुगतान सीधे किसानों के बैंक खाते में होगा और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी। किसानों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी समस्या होने पर प्रखंड या जिला कार्यालय से संपर्क करें।
#Jharkhand Aaj Tak#
रितेश शरण