पूर्वी सिंहभूम। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर की ओर से शुक्रवार को कदमा

पूर्वी सिंहभूम। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर की ओर से शुक्रवार को कदमा बाजार इलाके में आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने के लिए एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कदमा मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में हुआ, जिसका उद्देश्य स्वदेशी अपनाओ – देश बचाओ संदेश को आम नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारियों तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने लोगों से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, और ऐसे समय में स्वदेशी उत्पाद अपनाना राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का महत्वपूर्ण कदम है।
ओझा ने कहा, “स्वदेशी वस्तु खरीदना केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान है।”
प्रदेश मंत्री नंद जी प्रसाद ने कहा कि विदेशी वस्तुओं पर अत्यधिक निर्भरता से देश की पूंजी बाहर जाती है, जबकि स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से छोटे उद्योगों, किसानों, स्टार्टअप और कुटीर उद्योगों को मजबूती मिलती है। उन्होंने जनता से ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि हर घर में स्वदेशी उपयोग की संस्कृति विकसित करना समय की आवश्यकता है।
अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर स्वदेशी उत्पादों के लाभ बताए और दुकानदारों से मेड इन इंडिया उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। स्थानीय लोगों ने भी इस मुहिम का स्वागत किया और समर्थन जताया।
कार्यक्रम के समापन पर जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वदेशी के महत्व को समझ सकें और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अजीत सिंह, सुधांशु ओझा, नंद जी प्रसाद, ब्रह्म देव नारायण शर्मा, देवेंद्र सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, उज्ज्वल सिंह, रणजीत पंडित, संदीप पांडे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

#Jharkhand Aaj Tak ###

Post a Comment

Previous Post Next Post