तिजारा में बस स्टैंड व पर्यटन विकास की मांग, सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने पर योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर
तिजारा, मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जयपुर संभाग की बैठक में तिजारा भाजपा मंडल अध्यक्ष कपिल गुप्ता ने तिजारा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास प्रस्ताव रखते हुए कहा कि तिजारा में शीघ्र बस स्टैंड का निर्माण कराया जाए। साथ ही सूरजमुखी बांध एवं भर्तृहरि गुंबद को पर्यटन के रूप में विकसित कर क्षेत्र की संभावनाओं को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय तिजारा में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने तथा उप जिला अस्पताल में आवश्यक संसाधन एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इस दौरान सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा आगामी निकाय व पंचायत चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती के साथ ही राजनीतिक नियुक्तियों में प्राथमिकता देने का आश्वासन भी दिया।