झारखंड को 15वें वित्त आयोग से 275 करोड़ रुपये की पहली किस्त, सभी 24 जिलों को होगा फायदा...
केंद्र सरकार ने 15वें वित्त आयोग के तहत झारखंड राज्य को 275.12 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी है। यह राशि राज्य के सभी 24 जिलों के 253 प्रखंडों और 4,342 ग्राम पंचायतों के विकास के लिए दी गई है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत जारी यह अनुदान पंचायती राज संस्थाओं और ग्रामीण स्थानीय निकायों को मजबूत करने के उद्देश्य से दिया गया है। केंद्र सरकार पंचायती राज मंत्रालय और जल शक्ति मंत्रालय (पेयजल एवं स्वच्छता विभाग) के माध्यम से राज्यों को यह अनुदान उपलब्ध कराती है।
बताया गया है कि 15वें वित्त आयोग के तहत मिलने वाली राशि हर वित्तीय वर्ष में दो किस्तों में जारी की जाती है। इस अनुदान का उपयोग स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) स्थिति को बनाए रखने, घरेलू कचरा प्रबंधन, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, वर्षा जल संचयन और जल पुनर्चक्रण जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास में किया जाएगा।
इस राशि के मिलने से झारखंड के ग्रामीण इलाकों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
#Jharkhand Aaj Tak
रितेश शरण