दिल्ली नगर निगम (MCD) की 12 सीटों पर 30 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार थम गया है। यह चुनाव सत्ताधारी बीजेपी के लिए एक बड़ी परीक्षा है। फरवरी में हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 70 में से 48 सीटें जीतकर 27 साल बाद दिल्ली में सरकार बनाई थी। अब इन उपचुनावों के नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे। ये नतीजे बताएंगे कि बीजेपी निगम पर अपनी पकड़ मजबूत कर पाई है या नहीं। बीजेपी ने लगातार तीन बार MCD पर राज किया था, लेकिन 2022 में AAP ने उसे सत्ता से बेदखल कर दिया था।
कुल 12 वार्डों में से 9 पर पहले बीजेपी का कब्जा था और 3 पर AAP का। यह चुनाव बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है। शालीमार बाग बी सीट से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पहले पार्षद थीं, फिर उन्होंने इसी विधानसभा सीट से चुनाव जीता। इसी तरह, द्वारका बी सीट बीजेपी के कमलजीत सहरावत ने खाली की थी, जब वे लोकसभा के लिए पश्चिम दिल्ली सीट से चुने गए थे। इन उपचुनावों में कुल 51 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 26 महिलाएं शामिल हैं। बीजेपी ने सबसे ज्यादा 8 महिला उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि AAP ने 6 और कांग्रेस ने 5 महिला उम्मीदवार उतारे हैं।
Jharkhand Aaj Tak