जमशेदपुर/गोरखपुर।
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के रहने वाले शशि शेखर के साथ सोना और शेयर मार्केट में ऊंचे मुनाफे का लालच देकर 6 करोड़ रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिर्फ शशि शेखर ही नहीं, जमशेदपुर के सैकड़ों लोगों से भी करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई है। यह ठगी गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में रहने वाले एक संगठित गिरोह ने की, जिसने फर्जी ट्रेडिंग कंपनी के नाम पर लोगों की वर्षों की मेहनत की कमाई साफ कर दी।
गोरखपुर के करीमनगर चौराहा निवासी विश्वजीत श्रीवास्तव इस फर्जी ट्रेडिंग कंपनी का मुख्य संचालक था। उसके साथ सोनू गुप्ता, हरिकेश, सोनी सहगल और विनोद कुमार पूरे नेटवर्क को मिलकर चलाते थे। निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए शुरुआत में कुछ महीनों तक ऑनलाइन और कैश दोनों माध्यमों से नियमित रिटर्न देकर बड़े स्तर पर निवेश कराए गए, लेकिन जैसे ही रकम करोड़ों में पहुंची, पूरी कंपनी को अचानक बंद कर दिया गया और सभी आरोपी फरार हो गए।
पीड़ित शशि शेखर ने बताया कि नवंबर 2024 तक उन्हें नियमित मुनाफा मिलता रहा, लेकिन उसके बाद अचानक भुगतान बंद कर दिया गया। फरवरी 2025 में जब वे लखनऊ स्थित ऑफिस पहुंचे, तब फरवरी तक भुगतान करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन उससे पहले ही आरोपियों ने गोरखपुर की ज्वेलरी शॉप और लखनऊ व जमशेदपुर के सभी ऑफिस बंद कर दिए और भूमिगत हो गए।
शिकायत पर दर्ज हुई FIR, पुलिस दबिश में जुटी
शशि शेखर की शिकायत पर गुलरिहा पुलिस ने विश्वजीत श्रीवास्तव सहित पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस गिरोह ने जमशेदपुर के सैकड़ों निवेशकों से भी बड़ी रकम ऐंठी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की मदद लेने पर भी विचार किया जा रहा है।
और बढ़ सकती है पीड़ितों की संख्या
पुलिस का अनुमान है कि पीड़ितों की संख्या और भी बढ़ सकती है। यह मामला बड़े वित्तीय घोटाले में बदलने के संकेत दे रहा है, क्योंकि निवेश के नाम पर ठगी का यह तरीका पहले भी कई शहरों में देखा गया है, जहां ऊंचे मुनाफे का झांसा देकर लोगों की जिंदगी भर की जमा पूंजी लूट ली जाती है।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और इस मामले से संबंधित पीड़ितों से आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की मांग की है।
#Jharkhand Aaj Tak#
रितेश शरण
रिपोर्टर