📢 झारखंड आजतक विशेष रिपोर्ट
जमशेदपुर में फिर उठा मालिकाना हक का मुद्दा — विधायक पूर्णिमा साहू ने सीएम हेमंत सोरेन को लिखा पत्र
जमशेदपुर :
जमशेदपुर शहर की 86 से अधिक बस्तियों को मालिकाना हक देने का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर बस्तीवासियों को उनकी आवासीय भूमि पर मालिकाना हक देने की मांग की है।
विधायक साहू ने इसे जनहित से जुड़ा संवेदनशील विषय बताते हुए कहा कि दशकों से इन बस्तियों में रहने वाले लोग आज भी अपने ही घर की जमीन के मालिक नहीं हैं।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि वर्ष 2005 में टाटा लीज नवीकरण के दौरान झारखंड सरकार ने 86 बस्तियों के लिए 1800 एकड़ भूमि सुरक्षित रखी थी। वहीं, 2018 में एनडीए सरकार ने प्रत्येक परिवार को 10 डिसमिल भूमि लीज पर देने की नीति बनाई थी।
साहू ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और कांग्रेस पार्टी ने भी विधानसभा चुनावों में बस्तीवासियों को मालिकाना हक देने का वादा किया था।
उन्होंने याद दिलाया कि नवंबर 2024 में आयोजित एक सभा में कल्पना सोरेन ने भी यह घोषणा की थी कि सरकार बनने पर बिरसानगर समेत सभी बस्तियों को मालिकाना हक दिया जाएगा।
विधायक ने बताया कि उन्होंने यह मुद्दा विधानसभा बजट सत्र 2025 के दौरान भी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के रूप में उठाया था, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।
अंत में पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री से चुनावी वादों को निभाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार जल्द निर्णय ले, ताकि बस्तीवासियों का जीवन सुरक्षित और सम्मानजनक बन सके।
📰 रिपोर्ट : M.K झारखंड आजतक, जमशेदपुर